🙏🏻◆ कुछ दर्द किसानों के ◆🙏🏻
आँखों में उम्मीदों का कुछ रंग सजाकर,
थका- थकाया ही अक्सर सो जाता है,
भोर की गहराती नींदों को छोड़के जब
निकल पड़े बस दिन उसका हो जाता है,,
दिन भर जले पसीने की बू में अपने
रात में नींद की कश्ती लिये निकलता है,
अगली सुबह उसी ढर्रे पर होता दिन
उम्मीदों का पत्थर रोज़ पिघलता है ,,
उसकी सुबह शुरू होती है खेतों से
कई बार तो शाम वहीं हो जाती है,
कई बरस तो सूखे ने लूटा उसको
और कभी बारिश ख़ुशियाँ खा जाती है,,
याद है मुझको भी बचपन में अम्मा जब,
कभी कभी मुझसे खाना भिजवाती थी,
महुए के इक पेड़ के नीचे बाबूजी
थककर आ जाते, जब धूप सताती थी,,
यूँ तो दिल से हर किसान है शहंशाह
पर आँखे हर दर्द छुपा ही लेती हैं,
लेकिन हालातों के असली किस्से तो
बनियानों की छेद बता ही देती है,,
छोटे -छोटे ख़्वाब हैं, छोटी उम्मीदें
इनमें ही जीता है, इनपे मरता है,
बदहाली में मौत गले लग जाये तो
दिल्ली का दरबार सियासत करता है,,
कब तक इनके जख़्म और घर सुलगेंगे,
जिनसे हर घर के चूल्हे आबाद रहे,
इनकी ज़िन्दगियों की किसे फ़िकर होगी,
दरबारों में सालों तलक दलाल रहे,,
--आदर्श सिंह जौनपुरी--
9711640116
No comments:
Post a Comment