Thursday, 28 July 2016

~यादों की पुड़िया~Yaadon ki pudiya

📝यादों की पुड़िया 📝

इस बार गया था गाँव तो
इक यादों की पुड़िया हाथ लगी,
कुछ यूं ही समझ लीजै जैसे
गुज़री हुयी घड़ियां हाथ लगी,,

सोंधी सोंधी ख़ुशबू वाली
मिट्टी ने जब माथा चूमा,
जैसे बचपन भी लहराकर
पलकों के नीचे हो झूमा,,

घर के बाहर एक बूढ़ा नल
जो अक्सर मुझसे चिढ़ता था,
सर्दी भर मुझसे बनती थी
गर्मी में मुझसे भिड़ता था,,

वो ताश, कबड्डी , कंचों के
अड्डे भी सूने पड़े हुए,
वो आम, नीम और जामुन भी
तन्हाई में हैं खड़े हुए,,

नुक्कड़ पे खड़े पीपल ने कहा
क्यूँ! होली पर तो आओगे?
कुछ लाना चाहे मत लाना
पिछली मुस्कानें लाओगे?

कुछ तो बदला होगा शायद
हर बार मुझे ये लगता है,
नफ़रत के परदे पर लेकिन
किरदार बदलता रहता है,,

कुछ नये -पुराने रिश्तों की
बुझती हुयी लड़ियाँ हाथ लगी,
इस बार गया था गाँव तो
इक यादों की पुड़िया हाथ लगी..

कुछ यूं ही समझ लीजै जैसे
गुज़री हुयी घड़ियां हाथ लगी...

🙏🏻---आदर्श जौनपुरी ---🙏🏻
   9711640116

3 comments: